Tuesday, October 20th, 2026

प्यारे मियां के खिलाफ शिकायत करने वाली नाबालिग लड़की की मौत, 2 दिन पहले खाई थी नींद की गोलियां

भोपाल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हाई प्रोफाइल प्यारे मियां यौन शोषण मामले में शिकायत करने वाली एक नाबालिग लड़की की बुधवार रात मौत हो गई। लड़की ने सोमवार को बालिका गृह में नींद की गोलियां खा ली थीं जिसके बाद उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती किया गया था। लड़की की हालत गंभीर बनी हुई थी और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। सोमवार को मामला सामने आने के बाद नाबालिग लड़की के परिजनों ने बालिका गृह पर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि लड़की को जानबूझ कर नींद की गोलियां दी गईं। बालिका गृह के अंदर नींद की गोलियां कैसे पहुंची, उन्होंने इस पर भी सवाल खड़े किए थे। लड़की की मां ने कहा था कि बालिका गृह में उनकी बेटी को अपराधियों की तरह रखा जा रहा है और परिवार के लोगों को भी उससे मिलने नहीं दिया जा रहा। लड़की द्वारा नींद की गोलियां खाने के बाद हमीदिया अस्पताल के बाहर हंगामा भी किया था। इसके बाद अस्पताल में पुलिस बल तैनात किया गया था।

भोपाल के कमला नगर क्षेत्र में स्थित बालिका गृह में तीन दिन पहले झगड़े की खबरें भी आई थीं। अपुष्ट खबरों के मुताबिक नाबालिग लड़कियों और बालिका गृह की अध्यक्ष के बीच झगड़ा हुआ था और मामला मारपीट तक पहुंचा था। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल के कलेक्टर अविनाश लवानिया मंगलवार को ही इसकी जांच के आदेश दे चुके हैं। बुधवार को इसी सिलसिले में एसपी साउथ साई कृष्णा एवं महिला टीआई और मजिस्ट्रेट भी बालिका गृह पहुंचे थे। बालिका गृह पहले भी कई बार विवादों में रह चुका है।
 

 

#प्यारे मियां

Source : Agency

पाठको की राय